Thursday, 29 October 2026

गज़ल 44

 








फाइलातुन फाइलातुन फाइलातुन फाइलुन
2122  212       2   2122 212

1.जिंदगी अकसर यूँ उलझाती नहीं है दोस्तों
राह की मुश्किल से  भटकाती नहीं है दोस्तों


2.दिन दिहाड़े ज़ख्म जो हमको जमाने से मिला
उस पे मरहम ही लगे   काफी नहीं है दोस्तों

 
3.सोचना अपने लिए  कोई खता भी तो नहीं
प्यार से जीना यूँ  गुस्ताखी नहीं है दोस्तों


4. जिंदगी नीरस न हो थोड़ा बहुत तो प्यार हो
प्यार जिसमें हो न वो शादी नहीं है दोस्तों


5.मांगना हक चाहते अपना जो  इस सरकार से
देशप्रेमी  वे भी हैं बागी नहीं है दोस्तों


6 खिलखिलाकर के भला कैसे हंसे वे लड़कियां
जिंदगी में जिनके आजादी नहीं है दोस्तों


7.राह हरदम ही  दिखाए वक़्त ने नीलम नये
जिंदगी  उलझन  ही सुलझाती नहीं है दोस्तों
        डॉ नीलम नारंग नील 


Monday, 5 October 2026

विद्रोह

 


विद्रोह
कितने भी मजबूत बांध बने हो
पानी जब  बहता है
किनारे तोड़कर
तो पार कर जाता है
सारी हदें
बहा ले जाता है सब कुछ
ले लेता है सबको अपनी जद में
मंदिर मस्जिद चर्च इमारतें
किसी को भी नहीं बख्शता
किसी से कोई भेदभाव  नहीं करता
  इसी तरह से भीड़ जब खड़ी होती है
विद्रोह के लिए
अपने हक के लिए
उसके बहाव में हिल जाते हैं
बड़े-बड़े साम्राज्य हाकिम तानाशाह
अहंकारी दुराचारी
सबको जला देती है
अपने  क्रोध की आग में
फिर पलट जाते हैं तख्तोताज