Wednesday, 27 October 2021

करवाचौथ और दिखावा

                             करवाचौथ और दिखावा

देश के एक क्षेत्र विशेष की परम्परा करवाचौथ का व्रत बाजारवाद के कारण अन्य राज्यों में अपनी पैठ बिठा रहा है। अब ये उपवास कम उपहास का एक रूप बनता जा रहा है । औरतों में होड़ लगी हुई होती है कपड़े, श्रृंगार और गहनों को लेकर।  पति और सास ने क्या दिया या मायके से करवे पर क्या आया और कई बार इसी  बात को लेकर कई दिनों तक घर में तनाव का माहौल भी रहता है ।  माना परम्पराओं और संस्कृति को बनाए रखना और निभाना बहुत अच्छा है लेकिन उसकी आड़ में दिखावा कैसा । कल फेसबुक और वहटसअप देखते हुए मैनें उन औरतों की भी व्रत करते हुए की फोटो देखी जो कई सालों से पति से अलग रह रही है या जिन्होंने तलाक लिया हुआ है । कल से इसके पीछे का औचित्य ढूँढ रही हूँ। 
                      

Thursday, 21 October 2021

प्यार बाकी है

 


          प्यार बाकी है

मेरे दिल में तेरे हिस्से का प्यार बाकी है
आज भी करना तेरा इंतजार बाकी है

चाहतों पर कब किसका बस चला है
कुछ अधूरे वादे कुछ करार बाकी है

तुझे पाने के लिए बरसों भटकी दर बदर
चल आ चलें  अभी एक मजार बाकी है

जानती हूँ चाहत तो है तुम्हें भी है मुझसे
ये अलग बात है अभी इजहार बाकी है

ढूंढ़ ही लेते हो रास्ते मुझसे दूर रहने के
तुझे पास बुलाने के मौके हजार बाकी है

क्या खुशी से जी पाओगे मुझसे दूर रहकर
कयूँ नहीं कर लेते अभी जो इसरार बाकी है

कयूँ बेवजह की जिद ये कैसी तकरार बाकी है
हो ही जाओगे मेरे नीलम का एतबार बाकी है
                 









































Thursday, 7 October 2021

बेवजह

             बेवजह


जिन्दगी के दाग दिखाए नही जाते
कुछ राज सबको बताए नही जाते

मिल जाते है कुछ खुशनसीब ऐसे
जिनसे जख्म सारे छिपाए नही जाते

साथी तो बहुत है हाथ थामने वाले
सब  के लिए हाथ बढाए नही जाते

मजाक बना लेते है दिल की बात का
सबको अपने सपने सुनाए नहीं जाते

रुलाने के लिए  तैयार बैठा है हर कोई
सबके लिए तो  आँसू बहाए नहीं जाते

कभी तो बात कर मुझसे हकीकत की
सपनों के शहर में घर बसाए नहीं जाते

मुस्कुराने की फितरत को यूँ ही रख
बेवजह नीलम दिल जलाए नहीं जाते