Sunday, 14 November 2021

कयूँ किया प्यार

              कयूँ किया प्यार   

  
                          याद आए आज तुम बेशुमार
                           सोचती हूँ  कयूँ किया प्यार
याद आई बरसती बदलियाँ
फूलों पर डोलती तितलियाँ
कीचड़ में की जो अठखेलियाँ
याद आई  अबूझ पहेलियाँ
फिर आए याद वो वादे करार
                          याद आए आज तुम बेशुमार
                            सोचती हूँ कयूँ किया प्यार
याद करने को ढूँढ़ती तन्हाई
महसूस करती तेरी परछाई
आसमान में जब  बदली छाई
हरदम बस तेरी ही याद आई
फिर याद आई प्यार भरी तकरार
               याद  आए आज तुम बेशुमार
                  सोचती हूँ कयूँ किया प्यार






Tuesday, 9 November 2021

दवा बन जा

                   दवा बन जा


ले दर्द सारे किसी के लिए दवा बन जा
लेकर गम बस उसीका हमनवाँ बन जा

सुन किसी के दिल की बात शिद्दत से
प्यार से समझा  और राजदाँ बन जा

काम आ दूसरों के सोच गम की बात
देकर साथ सब  का खैरखवाह बन जा

सुन दुख किसी का बस हँसते है सब
समझ दर्द  किसी का और  दवा बन जा

मत सोच लोग क्या सोचते हैं कहते हैं क्या
कर अपने मन की और बेपरवाह बन जा

बाहर निकाल खुद को निराशा के घेरे से
जिन्दा रख बचपन और लापरवाह बन जा


हरदम मदद को हाथ बढाकर नीलम
कायम कर नई मिसाल और दास्ताँ बन जा 

Wednesday, 27 October 2021

करवाचौथ और दिखावा

                             करवाचौथ और दिखावा

देश के एक क्षेत्र विशेष की परम्परा करवाचौथ का व्रत बाजारवाद के कारण अन्य राज्यों में अपनी पैठ बिठा रहा है। अब ये उपवास कम उपहास का एक रूप बनता जा रहा है । औरतों में होड़ लगी हुई होती है कपड़े, श्रृंगार और गहनों को लेकर।  पति और सास ने क्या दिया या मायके से करवे पर क्या आया और कई बार इसी  बात को लेकर कई दिनों तक घर में तनाव का माहौल भी रहता है ।  माना परम्पराओं और संस्कृति को बनाए रखना और निभाना बहुत अच्छा है लेकिन उसकी आड़ में दिखावा कैसा । कल फेसबुक और वहटसअप देखते हुए मैनें उन औरतों की भी व्रत करते हुए की फोटो देखी जो कई सालों से पति से अलग रह रही है या जिन्होंने तलाक लिया हुआ है । कल से इसके पीछे का औचित्य ढूँढ रही हूँ। 
                      

Thursday, 21 October 2021

प्यार बाकी है

 


          प्यार बाकी है

मेरे दिल में तेरे हिस्से का प्यार बाकी है
आज भी करना तेरा इंतजार बाकी है

चाहतों पर कब किसका बस चला है
कुछ अधूरे वादे कुछ करार बाकी है

तुझे पाने के लिए बरसों भटकी दर बदर
चल आ चलें  अभी एक मजार बाकी है

जानती हूँ चाहत तो है तुम्हें भी है मुझसे
ये अलग बात है अभी इजहार बाकी है

ढूंढ़ ही लेते हो रास्ते मुझसे दूर रहने के
तुझे पास बुलाने के मौके हजार बाकी है

क्या खुशी से जी पाओगे मुझसे दूर रहकर
कयूँ नहीं कर लेते अभी जो इसरार बाकी है

कयूँ बेवजह की जिद ये कैसी तकरार बाकी है
हो ही जाओगे मेरे नीलम का एतबार बाकी है
                 









































Thursday, 7 October 2021

बेवजह

             बेवजह


जिन्दगी के दाग दिखाए नही जाते
कुछ राज सबको बताए नही जाते

मिल जाते है कुछ खुशनसीब ऐसे
जिनसे जख्म सारे छिपाए नही जाते

साथी तो बहुत है हाथ थामने वाले
सब  के लिए हाथ बढाए नही जाते

मजाक बना लेते है दिल की बात का
सबको अपने सपने सुनाए नहीं जाते

रुलाने के लिए  तैयार बैठा है हर कोई
सबके लिए तो  आँसू बहाए नहीं जाते

कभी तो बात कर मुझसे हकीकत की
सपनों के शहर में घर बसाए नहीं जाते

मुस्कुराने की फितरत को यूँ ही रख
बेवजह नीलम दिल जलाए नहीं जाते
                

Tuesday, 28 September 2021

उम्रभर

                      उम्रभर


तेरी मुस्कुराहट को देख मुस्कुराया उम्रभर
हर एक गम तुझसे ही मैनें छुपाया उम्रभर

ना चाहतें ही कम होने दी ना ही खुशियाँ
तेरी हर जुस्तजू को माथे से लगाया उम्रभर

सीने में दबा लिया हर राज रंज ओ गम को
अपने गम में भी चेहरा तेरा सहलाया उम्रभर

लोग सीढी बना तुझे खेलते रहे मेरे अरमानों से
झूठे जज्बातों का ये कैसा कहर ढाया उम्रभर

तेरे शौंक की खातिर रीति बीत गई जिन्दगी
फिर भी मुस्कुराने का हुनर ना गवाया उम्रभर

जिन्दगी की तरह तेरी मौत भी बनी मजाक
इसी एक कसक  ने नीलम मुझे रुलाया उम्रभर 






Monday, 20 September 2021

नेक काम

                                       नेक काम

रमा बहुत गरीब थी उसके दो बेटे थे करण और  अर्जुन । अभी करण 10 साल का था और  अर्जुन 9साल का था तभी से उसकी  माँ का सपना था कि अर्जुन और करण डाक्टर बने और गरीब लोगों का मुफ्त में इलाज करें ।   कुछ  साल  बाद तीनों की कड़ी मेहनत रंग लाई और वो दोनों डाक्टर बन गए । एक दिन   एक अमीर  बीमार बूढा जिसका नाम बलविंदर सिंह था उनके पास आया उसका आप्रेशन होना  था पर उसके बच्चे उसको बचाना  नही चाहते थे । उसके बेटे ने डाक्टर करण से कहा , " मेरे पिताजी बूढ़े हो गए है उनको मरना तो है ही उनके इलाज  पर पैसे लगाने से क्या फायदा । आप उन्हें जहर देदें जिससे वो आसानी से  मर जाए।  " करण ने कहा डाक्टर का काम जान बचाना होता है मै इन्हें  बचाने की हर संभव कोशिश करूँगा।  आप पैसा नही देना चाहते तो मत दें । मै इनका इलाज मुफ्त में कर दूँगा बस दवाईयों वगैरह पर जो खर्च हो वो दे देना । दरवाजे के पीछे खड़ा बूढ़ा व्यक्ति सारी बातें सुन रहा था ।
                                                     आप्रेशन के बाद बूढ़ा व्यक्ति ठीक हो गया और ठीक से चलने फिरने  लायक हो गया ।  दो तीन महीने बीतने पर एक वकील करण से मिलने आया उसने एक करोड़ का चैक पकड़ाते हुए कहा कि बलविंदर सिंह ने यह आपके लिए  भिजवाया है जिससे आप गरीब लोगों का मुफ्त इलाज कर सको । इसके अलावा अपना घर भी आपके नाम कर दिया है उनके  मरने के बाद आप वहाँ अस्पताल बनाना जहाँ गरीबों का मुफ्त इलाज कर अपनी माँ का सपना पूरा करना ।