चटनी
बहुत साल पीसी है मैंने
चटनी सिलवटें पर
वह सिर्फ चटनी नहीं थी
उसमें पिसे हुए थे
मेरे कुछ जज्बात कुछ खुशी के लम्हे
जो बीत ना पाए थे साथ मेरे
धनिया पुदीने की पत्तियों के साथ
पिसे हैं मैंने अपने ताजा कोमल ख्वाब इसी सिलबट्टे पर
मुझ से पहले भी
कई बार पिस चुके हैं
उन औरतों के सपने
जिनके नरम पोटो ने छुआ है
मुझ से पहले सिलबट्टे को
कई पीढ़ियों की औरतों को छला है
मरहूम किया है अपने सपनों से
दूसरों की रोटी का स्वाद
और भी स्वाद बनाने के लिए
पर मैं नहीं चाहती मेरे बाद
कोई छुए इस सिलबट्टे को
और पीस दे अपने अरमानों को
चटनी के साथ साथ

No comments:
Post a Comment